लखनऊ उत्तर प्रदेश विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के 36 सदस्यों के चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण में 29 क्षेत्रों की 30 सीटों के चुनाव की अधिसूचना चार फरवरी को जारी होगी। मतदान तीन मार्च को होगा। दूसरे चरण की छह सीटों के लिए अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होगी जबकि मतदान सात मार्च को होगा। मतगणना एक साथ 12 मार्च को होगी।मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया। पहले चरण में नामांकन पत्र चार फरवरी से 11 फरवरी के बीच भरे जाएंगे। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी 16 को नाम वापस लिए जा सकते हैं। तीन मार्च को मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। इसी प्रकार दूसरे चरण की अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होगी। 17 फरवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 21 को नाम वापस लिए जा सकते हैं। सात मार्च को मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना एक साथ 12 मार्च को होगी। स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की इन सीटों का मतदान विधान सभा चुनाव के छठे व सातवें चरण के मतदान वाले दिन ही हो रहा है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।