दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चार दिन के विराम के बाद बृहस्पतिवार को तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकथल से बहाल हुई। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी। यात्रा सुबह साढ़े छह बजे मकथल से शुरू हुई, जिसमें राहुल के साथ कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी, सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता भट्टी विक्रमार्क और कई अन्य पार्टी नेता शामिल हुए। राज्य में यात्रा का यह दूसरा दिन है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने कर्नाटक के रायचूर से निकलने के बाद 23 अक्टूबर की सुबह गुडेबेलूर के रास्ते तेलंगाना में प्रवेश किया था।

कुछ देर पदयात्रा के बाद रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक इस यात्रा को विराम दिया गया था। राहुल 23 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए थे। वह बुधवार रात विमान से हैदराबाद उतरे और सड़क मार्ग से गुडेबेलूर गए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल के नेतृत्व वाली इस यात्रा के तहत बृहस्तिवार को 26.7 किलोमीटर की दूरी तय किए जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद मकथल स्थित श्री बालाजी फैक्टरी में रात्रि विश्राम किया जाएगा। मकथल से तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 16 दिनों तक यात्रा जारी रहेगी। इस दौरान 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों से गुजरते हुए 375 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।