करनाल  :  करनाल में 7 सितंबर कों किसान    महापंचायत और उसके बाद अनिश्चितकाल के लिए मिनी सचिवालय के घेराव के ऐलान के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 5 जिलों में सभी मोबाइल कंपनियों की इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं बंद कर दी है। जिन जिलों में ये सेवाएं बंद की गई है उनमें करनाल के अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और जींद शामिल है। प्रदेश सरकार के गृह सचिव-1 डॉ. बलकार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन पांचों जिलों में सोमवार रात 12 बजे से मंगलवार रात 11:59 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेगी।

इससे पहले प्रदेश सरकार ने सोमवार दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे अकेले करनाल जिले में इंटरनेट सेवाएं और बल्क SMS सेवा बंद करने का आदेश जारी किया था और उसके 15 मिनट बाद ही जिले में ये सेवाएं बंद कर दी गईं जबकि आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया था कि ये सेवाएं रात 12 बजे से बंद की जानी हैं।

उधर किसानों की महापंचायत के मद्देनजर करनाल जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। किसानों को मिनी सचिवालय तक पहुंचने से रोकने के लिए पैरामिल्ट्री फोर्स समेत सुरक्षाबलों की 40 कंपनियां मौजूद रहेंगी। चंडीगढ़-नई दिल्ली नेशनल हाईवे पर लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक डाइवर्ट करने का फैसला किया है। इसके तहत जीटी रोड पर दिल्ली से आने वाले ट्रैफिक को पानीपत से और चंडीगढ़ की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को कुरुक्षेत्र से ही डाइवर्ट कर दिया जाएगा। वाहनों के आने-जाने के लिए अलग-अलग 4 रूट बनाए गए हैं।करनाल के एसपी गंगाराम पुनिया ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस पूरी मुस्तैद है। जिले में पुलिस की 30 कंपनियां नियुक्त की गई हैं। पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां अलग से लगाई गई हैं। 5 SP और 25 HPS कम DSP की ड्यूटी लगाई है। इनके साथ वाटर कैनन और ड्रोन भी तैनात किए गए हैं।

                      डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद करवाने की सिफारिश की गई है, ताकि सोशल मीडिया पर किसी तरह की कोई अफवाह न फैलाई जा सके। इंटरनेट के साथ-साथ बल्क में SMS भेजने पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस-प्रशासन ने सोमवार रात से ही पूरे करनाल शहर को सील करने की तैयारी कर ली है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।