नई दिल्ली : देश में  कई दिनों से  मानसून के कारण कई राज्यों में अच्छी बारिश हुई। मिली जानकारी के अनुसार  मानसूनी बारिश लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हो रही है। मानसून से अब तक यूपी में 52, बिहार में 16, असम में 92 और हिमाचल प्रदेश में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। यूपी में कई मौतें बिजली गिरने के कारण हुई है। उत्तराखंड के चमोली में गत दिवस  को हुए भूस्खलन के बाद बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया। हालांकि यह मार्ग बुधवार को भी नहीं खोला जा सका। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। पिछले 24 घंटों में  बारिश के चलते 3 लोगों की मौत हो गई।

उत्तराखंड के हल्द्वानी, बनबसा, सितारगंज, खटीमा और टनकपुर में बारिश के कारण हालात खराब हो गए हैं। लैंडस्लाइड के मलबे से 200 से ज्यादा रास्ते अभी भी बंद पड़े हैं। बिहार में गंडक, कोसी, बागमती, कमला समेत कई नदियां उफान पर हैं। गोपालगंज, बेतिया, बगहा में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।बुधवार को वज्रपात के कारण 4 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए।

वहीं असम के ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। फिलहाल यह खतरे के निशान पर आ गया है। वहीं प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है। 26 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 17 लाख से अधिक हो गई है। मंगलवार को भी 7 लोगों की मौत हो गई। अभी तक यह आंकड़ा 92 तक पहुंच चुका है।

पीलीभीत में बारिश से जलमग्न हुए कई गांव

इसी तहरा पहाड़ी राज्य हिमाचल में भी बारिश से लोगों का हाल बेहाल है। पिछले 2 सप्ताह में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों की मानें तो 27 जून को प्रदेश में मानसून पहुंचा था। तब से अब तक बारिश के कारण 172 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार अब तक मंडी जिले में 5, शिमला में 4 और कांगड़ा की तीन मुख्य सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई। उधर गुजरात में अब तक 223 एमएम बारिश हुई है। यह प्रदेश में होने वाली कुल बारिश का 25 प्रतिशत है।

वहीं यूपी में कई नदियां खतरे के स्तर तक पहुंच गई है। सरयू, घाघरा और राप्ती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं बलरामपुर और लखीमपुर में बाढ़जनित हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। लखीमपुर के कई गांव बुरी तरह बाढ़ से प्रभावित हैं। सवा सौ से ज्यादा गांव जलमग्न हैं। बुधवार को प्रदेश में बारिश नहीं हुई लेकिन बिजली गिरने से 52 लोगों की मौत हो गई।

बता दें कि मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पश्चिम बंगाल, यूपी, एमपी, बिहार, मेघालय, सिक्किम, गुजरात, महाराष्ट्रए कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, जम्मू, असम और राजस्थान शामिल है। आईएमडी ने बिहार, बंगाल, सिक्किम, मेघालय में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बाकी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।