जालंधर। भार्गव कैंप में रहने वीले 14 साल के बच्चे पर चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप पुलिस पर लगे हैं। जानकारी के अनुसार पड़ोसी ने बच्चे पर 5 तोला सोना चोरी करने का आरोप लगाया था। अब बच्चे के स्वजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बच्चे को तीन दिन रिमांड पर रखकर उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की। उसके घरवालों ने सिविल अस्पताल में बच्चे को दाखिल करवाकर उसकी पीठ पर बने जख्म दिखाए।
बच्चे के पिता राजिंदर कुमार ने कहा कि पुलिस ने उनके बच्चे को झूठे केस में फंसाया है। उन्होंने बताया कि उनका बच्चा कबूतर पालने का शौकीन है। कबूतर उड़ाते समय एक कबूतर पड़ोसियों की छत पर चला गया। उसे लेने के लिए वह उनकी छत पर चला गया था। उनका कहना था कि बच्चे की गलती से उनका सीसीटीवी कैमरा भी बंद हो गया था।
इसके बाद पड़ोसियों ने उनके बच्चे पर सोने के गहने चोरी का आरोप लगा दिया। उन्होंने बताया कि पड़ोसी ने बच्चे से पहले भी मारपीट की थी। बच्चे ने डर के मारे सीसीटीवी कैमरा दूसरी तरफ करने की कोशिश की लेकिन वह बंद हो गया।
[पिता ने आरोप लगाया कि थाना भार्गव कैंप के एएसआइ सुखराज सिंह ने डेढ़ लाख में मामला खत्म करने की बात कही है। बच्चे के पिता ने सिविल अस्पताल में उसकी एमएलआर कटवा कर पुलिस कमिश्नर से इंसाफ की गुहार लगाई है।
थाना भार्गव कैंप के प्रभारी कुलदीप सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि उनके एएआइ ने किसी से पैसे नहीं मांगे। मोहल्ले वाले बच्चे को लेकर आए थे, जिसके बाद परिजनों ने उनके साथ किसी बात को लेकर समझौता कर लिया। थाने में किसी बच्चे को नहीं रखा गया ना ही कोई पैसे मांगे गए।