मुंबई: सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को भी भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मुंबई, दक्षिण कोंकण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के रायगढ़, ठाणे और पालघर में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।मौसम विभाग ने मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण अब तक 40 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। भारतीय मौसम विभाग ने मछुआरों को अरब सागर में नहीं जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि समुद्र में ऊंची लहरें उठने के साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले सोमवार को एक बार फिर भारी बारिश से रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। विमान परिचालन भी थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा। मूसलाधार बारिश के कारण महानगर में कई लोगों को अपने कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय इलाकों में तीन घंटे में 20 मिमी बारिश हुई। यहां सुबह साढ़े आठ बजे बारिश शुरू हुई थी। रेल अधिकारियों ने बताया कि मध्य और पश्चिमी लाइनों पर पटरियों पर पानी भरने के कारण कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। लोकल सेवा के बाधित होने से सुबह के समय दफ्तर जाने वालों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।