नई दिल्ली : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच 47वें दिन भी जंग जारी है। इस दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन के कई शहर तबाह कर दिए लेकिन यह राजधानी कीव को जीतने में नाकाम रही है।गत दिवस  को रूसी सेना का बड़ा काफिला इज्युम शहर और नीपर नदी के आसपास देखा गया। उधर, यूक्रेन ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए बश्तांका में रूस के क्रूज मिसाइल से भरे ट्रक पर हमला किया है। यूक्रेनी सेना ने लुहांस्क में रूसी हथियार डिपो को भी तबाह कर दिया।

  • यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल के मेयर ने सोमवार को दावा किया कि रूसी बलों द्वारा शहर के घेराव के दौरान किए गए हमलों से 10,000 से अधिक आम लोगों की जान चली गई।
  • मेयर वी. बॉयशेंको ने  कहा कि रूसी हमले के कारण मारियुपोल में मृतक संख्या बढ़कर 20,000 के पार जा सकती है क्योंकि सड़कों पर कफन से ढकी लाशें देखी जा सकती हैं।
  • अमेरिकी विशेषज्ञों का कहना है कि रूस का 12.8 किलोमीटर का लंबा काफिला इज्युम शहर की तरफ बढ़ रहा है। इसकी सैटेलाइट तस्वीर भी सामने आई हैं।
  • नेक्स्टा टीवी वेबसाइट के मुताबिक, अमेरिकी विशेषज्ञों को आशंका है कि रूस नीपर नदी के आसपास बड़े हमले की योजना बना चुका है। हाल ही में उपग्रह तस्वीरों में इस बात की पुष्टि के संकेत भी मिले हैं।
  • खारकीव शहर के दक्षिण-पूर्व में स्थित इज्यूम शहर में अब तक यूक्रेनी सेना ने रूस को तोस-1ए सोल्त्सेप्योक जैसी शक्तिशाली तोपों के साथ कड़ी टक्कर दी है लेकिन अब रूसी सेना के बड़े काफिले के यहां पहुंचने के बाद हालात बदल सकते हैं।
  • रूस ने कहा है कि उसने किसी अज्ञात यूरोपीय देश द्वारा यूक्रेन को दी गई एस-300 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम को अपनी क्रूज मिसाइलों से नष्ट किया है।
  • रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस ने रविवार को यूक्रेनी शहर दीनिप्रो के बाहरी इलाके में छिपाकर रखी गईं चार एस-300 के विरुद्ध कलिब्र क्रूस मिसाइलें छोड़ी थीं। रूस ने दावा किया कि इस हमले में यूक्रेन के 25 सैनिक मारे गए।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।