तेलंगाना:  अगर आप आज  ओला, उबर या रैपिडो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. देशभर में गिग ड्राइवर्स ने सामूहिक हड़ताल का ऐलान किया है. ड्राइवरों का कहना है कि उनकी कमाई लगातार घट रही है और काम की शर्तें अस्थिर हो गई हैं. इसी को लेकर उन्होंने सरकार और कंपनियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया हैओला, उबर और रैपिडो जैसे राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवरों ने शनिवार को छह घंटे तक ऐप से लॉग-आउट रहने का फैसला किया है. इस विरोध को ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ नाम दिया गया है. इसका असर कई बड़े शहरों में देखने को मिल सकता है, जहां यात्रियों को कैब और बाइक टैक्सी मिलने में दिक्कत हो सकती है यह हड़ताल तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन की ओर से बुलाई गई है. यूनियन का कहना है कि ड्राइवर लंबे समय से कम कमाई और अस्थिर आय की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है यूनियन की सबसे बड़ी मांग है कि सरकार न्यूनतम बेस किराया तय करे. ड्राइवरों का कहना है कि अभी एग्रीगेटर कंपनियां अपने हिसाब से किराया तय करती हैं, जिससे उनकी कमाई लगातार घट रही है. उनका मानना है कि अगर सरकार फिक्स किराया लागू करे तो ड्राइवरों और यात्रियों दोनों को फायदा मिलेगा यूनियन का आरोप है कि लाखों ऐप-आधारित ड्राइवर असुरक्षा और आर्थिक दबाव में काम कर रहे हैं, जबकि प्लेटफॉर्म कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं. उन्होंने सरकार से मांग की है कि ड्राइवरों के साथ बातचीत शुरू की जाए और उनके लिए निष्पक्ष नियम बनाए जाएं.