
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग आज (शुक्रवार) को विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा करने वाला है। हाल ही में चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा का दौरा किया था और आज के ऐलान से इन राज्यों में आगामी चुनावों की योजना स्पष्ट होगी। महाराष्ट्र और झारखंड में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, चुनाव आयोग की टीम ने अभी महाराष्ट्र और झारखंड का दौरा नहीं किया। ऐसे में महाराष्ट्र और झारखंड की चुनाव तारीखों का कुछ स्पष्ट नहीं है। इसके अलावा देश के कुछ राज्यों में विधानसभा उपचुनाव होने हैं। वायनाड लोक सभा का उपचुनाव भी होना है।
जम्मू-कश्मीर में 2018 में सरकार भंग होने के बाद से चुनाव नहीं हुए हैं। पिछली बार यहां 2014 में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने गठबंधन बनाया था। हालांकि, भाजपा ने बाद में इस गठबंधन से दूरी बना ली, और 2018 में सरकार गिर गई।
हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है। पिछले चुनाव 2019 में हुए थे, जब भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने मिलकर सरकार बनाई थी। इस साल मार्च में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन टूट गया था। आज के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद, चुनाव आयोग द्वारा घोषित तारीखों से राजनीतिक दलों और मतदाताओं को आगामी चुनावी गतिविधियों की योजना का पता चलेगा।