दिल्ली: आंध्र प्रदेश के तिरुपति एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E 6591 में रविवार को उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को करीब 40 मिनट तक हवा में चक्कर काटना पड़ा। इसके बाद इसे सुरक्षित रूप से तिरुपति एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराया गया। विमान में सवार यात्रियों में इस दौरान घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। यह फ्लाइट एक एयरबस A321neo थी, जिसने तिरुपति से शाम 7:42 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के बाद विमान तिरुपति से कुछ दूरी पर स्थित वेंकेटनगरी तक गया, लेकिन वहां से यू-टर्न लेकर वापस लौट आया। इस दौरान विमान ने कई बार आकाश में चक्कर लगाए और रात 8:34 बजे इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हैरानी की बात यह रही कि इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर इस फ्लाइट की डिटेल्स कुछ और दिखाई गईं। वेबसाइट के अनुसार, फ्लाइट शाम 7:20 बजे रवाना हुई और 8:30 बजे हैदराबाद पहुंच गई, जबकि वास्तव में विमान कभी हैदराबाद पहुंचा ही नहीं। इस भ्रम के चलते यात्रियों में और नाराजगी देखी गई। हैदराबाद के लिए अगली फ्लाइट रद्द कर दी गई, जिससे कई यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गईं।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।