नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में 1 फरवरी को आम बजट पेश करेंगी। हालांकि बजट सत्र के दौरान पहले दो दिन दोनों सदनों में कोई शून्य काल नहीं होगा। न्यूज एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, बजट सत्र के दौरान संसद के दोनों सदनों में 31 जनवरी व एक फरवरी को शून्य काल स्थगित रहेगा। राष्ट्रपति के अभिभाषण व आम बजट की प्रस्तुति के कारण ऐसा किया गया है।दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्री 1 फरवरी को सुबह 11 बजे संसद में बजट पेश करेंगी। बजट भाषण कितनी देर चलेगा इसकी संभावना 1.30 घंटे से 2 घंटे के बीच मानी जा रही है। हालांकि, भाषण पढ़ने की अवधि सामान्य समय से अधिक भी हो सकती है। इससे पहले साल 2020 में 2 घंटे 40 मिनट तक चलने वाला बजट भाषण देश के इतिहास में सबसे लंबा था।कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए संसद का आगामी बजट सत्र स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा निर्धारित सख्त कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत होगा। संसद में बैठने की व्यवस्था इस तरह की जाएगी ताकि शारीरिक दूरी का पालन किया जा सके। लोकसभा और राज्यसभा के दोनों कक्षों में विजिटर्स गैलरी और सेंट्रल हाल में भी संसद के सदस्यों के बैठने की व्वस्था की जाएगी। दोनों सदनों का समय अलग अलग रहेगा। राज्यसभा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक और लोकसभा शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेगी।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।