नई दिल्ली, एजेंसी। देशभर के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इस साल मार्च के महीने में पूरे देश में गर्मी का प्रचंड मार्च जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार यानी आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता हैदिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व पूर्वी राजस्थान के अधिकांश शहरों में तापमान मार्च के अंत में 40 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ है। ऐसा पहली बार है। पिछले एक दशक में आमतौर पर पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र व कर्नाटक के कुछ शहरों में मार्च में पारा 40 डिग्री के पार जाता रहा है।भारतीय मौसम विभाग के विज्ञानी आरके जेनामनी ने बताया, सामान्य रूप से पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश व ओडिशा में मार्च में दो-तीन दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता था, लेकिन इस बार असाधारण स्थिति है। दिल्ली में 15 मार्च के बाद तापमान सामान्य से 5-10 डिग्री अधिक है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल में 19 से 27 मार्च तक तापमान सामान्य से 9-10 डिग्री ज्यादा रहा। मैदानी इलाकों में 13 से 19 मार्च के बीच हीटवेव आई। 27 मार्च से हीटवेव का दूसरा दौर शुरू हुआ, जो 2 अप्रैल तक चल सकता है। अगले 15 दिन गर्म हवाएं चलती रहेंगी।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।