हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर प्रांगण में पुनर्मिलन-2022, एलुमनाई मीट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। समस्त कार्यक्रम का आयोजन संस्था एलुमनाई वैलफेयर एसोसिएशन के संरक्षण में किया गया। समागम का शुभारंभ ज्ञानात्मक ज्योति प्रज्ज्वलन एवं डीएवी गान से किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि स्वरूप प्राचार्या प्रो. डॉ.  अजय सरीन उपस्थित रहे। संस्था परम्परानुसार प्लांटर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका हार्दिक अभिनंदन किया गया। अपने वक्तव्य में प्राचार्या प्रो. डॉ.  अजय सरीन जी ने सभी पूर्व छात्राओं का अपनी ही संस्था में स्वागत किया एवं कहा कि इस संस्था से आप सबका आत्मीयता का रिश्ता है। जिसके हर कोने में आपने अपने जीवन के सुनहरी पल जिए, आज अवश्य वह हर सुनहरी पल पुन: जीवंत हुए होंगे एवं आज आप जिस मुकाम पर हैं, अवश्य ही आप इस संस्था, अपने गुरुजनों के प्रति नतमस्तक होते होंगे। संस्था का सदैव यह लक्ष्य रहा है कि वह एक अच्छा सामाजिक नागरिक समाज को प्रदान करने में सक्षम हो। जिसकी सार्थकता आप जैसे सफल पूर्व छात्राओं को देख पूर्ण होती है। उन्होंने सब पूर्व छात्राओं से संस्था प्रांगण में वर्ष में कम से कम एक बार शिरकत करने को कहा। उन्होंने कहा कि आज संस्था आपके प्रयासों एवं सहयोग हेतु ही उच्चतम शिखर पर स्थापित ए++ ग्रेड प्राप्त संस्था बनी है। उन्होंने सब को प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की शुभकामनाएँ दी। एलुमनाई एसोसिएशन सेक्रेटरी श्रीमती बीनू गुप्ता ने सभी पूर्व छात्राओं का स्वागत करते एलुमनाई एसोसिएशन गतिविधियों से परिचित करवाया एवं उड़ान, प्रयास जैसे स्कालरशिप्स के बारे में एवं उनसे जुड़े सदस्यों से रूबरू करवाया। इसी शृंखला में श्रीमती रश्मिी खुराना जी के संदेश को सबसे सांझा किया। उन्होंने मां सरस्वती स्वरूप संस्था एच.एम.वी. को प्रगति पथ पर आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दी।  अनु चड्ढा, मंजू आहुजा, अनुपम खेर, आशु हांडा एवं संगीना जी को लाईव लांग रिलेशनशिप बंधन से जुडऩे पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. सरला भारद्वाज जी द्वारा लिखित पुस्तक का भी विमोचन किया गया।  वीना जोशी ने अपने भाव सबसे सांझा किए। इस अवसर पर मांडलिंग विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा जिसमें निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. अंजना भाटिया, डॉ. राखी मेहता एवं  नवनीता ने निभाई। इस अवसर पर  सरोजनी शारदा, डॉ. कुलविंदर कौर, डॉ. ज्योति गोगिया,  अनुपम कलेर,  वीना जोशी,  बीनू गुप्ता,  श्वेता,  गुरकीरत, सीमा सोनी को विभिन्न पंजाबी शीर्षक अरशां दी हूर, रानी पंजाब दी, गिद्यिां दी रानी, सुचज्जी मुटियार, सुणक्खी मुटियार इत्यादि देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, फन गेम्स, यादों को सांझा करना इत्यादि अनेक गतिविधियों के माध्यम से समय बांधा गया। समस्त कार्यक्रम का आयोजन एलुमनाई एसोसिएशन के वाईस प्रैसीडैंट  किरण कौर धामी,  रमनदीप, सेक्रेटरी  बीनू गुप्ता, ज्वाइंट सेक्रेटरी  सविता महेंद्रू एवं कोषाध्यक्ष  काजल पुरी के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। धन्यवाद प्रस्ताव  सविता महेंद्रू द्वारा प्रस्तुत किया गया। मंच का कार्यभार कुलजीत कौर ने निभाया।

 

 

 

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।