पंजाब: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सोमवार (17 फरवरी) को धार्मिक विवाद के चलते इस्तीफा दिया.एसजीपीसी ने हाल ही में तख्त दमदमा साहिब, तलवंडी साबो के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को पद से हटा दिया था. अकाल तख्त साहिब जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने ज्ञानी हरप्रीत सिंह को पद से हटाने का विरोध किया है. इस बीच अब हरजिंदर सिंह धामी ने इस्तीफा दे दिया हैज्ञानी हरप्रीत सिंह की सेवा समाप्ति पर जत्थेदार रघबीर सिंह के फेसबुक पर 13 फरवरी के पोस्ट का हवाला देते हुए धामी ने कहा कि उन्होंने लिखा था कि ज्ञानी हरप्रीत सिंह को हटाना ‘बेहद निंदनीय’ और ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है. अमृतसर में उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधान (एसजीपीसी का अध्यक्ष) होने के नाते जिम्मेदारी लेता हूं और नैतिक आधार पर तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा देता हूं.’’ उन्होंने कहा, ”अकाली दल ने मुझे बहुत बड़ा सम्मान दिया है, मुझे टोहड़ा जी के साथ काम करने का मौका दिया. लगातार चार साल मुझे एसजीपीसी अध्यक्ष के पद से सम्मान दिया. मैं अकाली दल के नेताओं और अधिकारियों का धन्यवाद करता हूं. अगर मुझसे कोई गलती हुई हो तो मैं सभी से माफी मांगता हूं.”हरजिंदर सिंह धामी अक्टूबर 2024 में चौथी बार SGPC अध्यक्ष चुने गए थे. चुनाव में अकाली दल की तरफ से एसजीपीसी अध्यक्ष पद के लिए हरजिंदर सिंह धामी और अकाली दल सुधार लहर से बीबी जागीर कौर उमीदवार थी.