गुरुवार को चंडीगढ़ से सुखपाल खैहरा को  गिरफ्तार कर ले जाती ED की टीम। - Dainik Bhaskar

कांग्रेस नेता पूर्व विधायक सुखपाल खैहरा की शुक्रवार यानी आज मोहाली की ED कोर्ट में पेशी होगी। गुरुवार को उन्हें पूछताछ के बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 18 से अरेस्ट किया गया था। जिसके बाद एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने 14 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने एक दिन का दिया।हालांकि यह भी चर्चा है कि खैहरा को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा। खैहरा के खिलाफ सामान्य रिमांड होगा या ट्रांजिट, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। सुखपाल खैहरा के फाजिल्का ड्रग रैकेट से तार जुड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि खैहरा इसे सियासी साजिश करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि किसानों के हक में बोलने की वजह से केंद्र की भाजपा सरकार उन्हें फंसा रही है।मार्च 2015 में फाजिल्का पुलिस ने बॉर्डर से हेरोइन तस्करी का रैकेट पकड़ा था। जिसके सरगना गुरदेव सिंह को पकड़कर उसकी कॉल डिटेल्स खंगाली गई। जिससे पता चला कि सुखपाल खैहरा की 11 महीने में 78 बार गुरदेव से फोन पर बात हुई थी। ED ने पंजाब पुलिस की इसी FIR के जरिए खैहरा के खिलाफ इस केस में मनी लॉन्ड्रिंग के लिहाज से जांच शुरू की थी।

सुखपाल खैहरा के खिलाफ ED कई और मामलों में जांच कर रही है। जिनमें 2017 में चुनाव से पहले अमेरिका से पार्टी फंड के लिए 1.19 लाख डॉलर जुटाने का भी आरोप है। खैहरा इसका हिसाब नहीं दे सके थे, क्योंकि उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की स्पांसर्ड विजिट बताया था। इसके बाद मार्च महीने में उनके घर पर ED की रेड भी हुई थी।सुखपाल पहले कांग्रेस में थे। इसके बाद वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। भुलत्थ से विधायक बनने के बाद AAP से उन्हें विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया गया। हालांकि बाद में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। जिसके बाद 2019 में उन्होंने पंजाब एकता पार्टी बनाई। जून महीने में कांग्रेस छोड़ने के 6 साल बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें दोबारा कांग्रेस जॉइन करवा दी। 3 महीने पहले ही उनका विधायक पद से इस्तीफा भी मंजूर हो गया था।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।