कीव, । राजधानी कीव के नजदीक के बूचा और कुछ अन्य कस्बों-गांवों में नागरिकों के 410 शव मिलने से यूक्रेन में रूसी सेना के कृत्य की तीव्र भ‌र्त्सना शुरू हो गई है। अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है। जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर नए प्रतिबंधों की मांग की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा है कि उनका देश अब रूस पर प्रतिबंध और यूक्रेन की सहायता बढ़ाएगा। लेकिन रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में शामिल होने से इन्कार किया है।इस बीच कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है। लेकिन रविवार को पूर्वी, दक्षिणी यूक्रेन और बंदरगाहों पर रूसी हमले तेज हो गए हैं। शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया था। लेकिन जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में बढ़ी संख्या में नागरिकों के शव मिले।बूचा में करीब तीन सौ लोगों की सामूहिक कब्र होने का पता चला। इन लाशों पर बर्बरता के निशान मिलने से लोगों में गुस्सा है। क्षेत्र में बारूदी सुरंगें भी बिछी मिलीं जिसके चलते आगे बढ़ते यूक्रेनी सैनिकों को विस्फोटों का सामना करना पड़ा। रूसी सेना की वापसी के बाद कीव के आसपास का इलाका अब पूरी तरह से यूक्रेन सरकार के कब्जे में आ गया है। नजदीक के इरपिन, बूचा, होस्टोमेल कस्बों सहित 30 कस्बों-गांवों में हालात सामान्य बनाने का कार्य रविवार को शुरू हो गया। तुर्की में हुई वार्ता के दौरान रूस ने कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाकों से सेना हटाने की घोषणा की थी

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।