north india is burning in the heat red alert issued in up

 उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में लोग भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं। हीटवेव के वजह से  दिन के साथ रात में भी काफी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो 19 जून तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में लू चलने की आशंका है। वहीं, 18 जून तक हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और जम्मू के कुछ हिस्सों में हीटवेव का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। इतना ही नहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 18 जून तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। देश के कई हिस्सों में मॉनसून आने के बाद से ही बारिश का दौर जारी है, लेकिन कुछ राज्यों को अभी भी मॉनसून का इंतजार करना पड़ सकता है।दिल्ली में गर्मी के कहर के चलते मौसम विभाग ने 19 जून तक दिल्ली में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 20 जून से दिल्ली का मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य में चिलचिलाती गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, 19 जून से इसकी तीव्रता में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि लखनऊ में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लखनऊ में 19 जून तक हीटवेव का दौर जारी रह सकता है। उसके बाद 20 जून से मौसम बदलने की उम्मीद है, जब तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बरसात हो सकती है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इसके अलावा तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तराखंड में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति संभव है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।