गुरदासपुर : पंजाब के गुरदासपुर जिले में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और एक अन्य शख्स की हत्या का मामला सामने आया है। जिले के बटाला में डबल मर्डर को अंजाम दिया गया है। दूसरे मारे गए शख्स की पहचान करणवीर सिंह के तौर पर हुई है, जो हरजीत कौर के साथ स्कॉर्पियो से जा रहा था। करणवीर ही कार को ड्राइव कर रहा था। करणवीर जग्गू का रिश्तेदार बताया जा रहा है।इसी दौरान बाइक सवार 3 लोग आए और कार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजीत कौर को इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।दोनों हत्याओं की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग के कौशल चौधरी ने ली है।