फगवाड़ा 12 सितंबर (शिव कौड़ा) भारत की राजधानी नई दिल्ली में संपन्न हुए जी-20 देशों के दो दिवसीय सम्मेलन को भारत की बढ़ती साख से जोड़ते हुए नगर सुधार ट्रस्ट फगवाड़ा के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील चम ने कहा कि दिल्ली में जिस भव्यता के साथ यह सम्मेलन संपन्न हुआ है उसने अमेरिका, कनाडा और इंगलैंड जैसे दुनिया के अग्रणी देशों में भारत की विशेष छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने अपने प्रबंध कौशल और उसमें भारतीय संस्कृति को समाहित करके देश से प्रेम करने वाले प्रत्येक नागरिक का सिर गर्व से ऊंचा और सीना चौड़ा किया है। चम ने कहा कि एक तरफ जहां सारी दुनिया भारत की प्रशंसा में कसीदे पढ़ रही है तो वहीं अफसोस की बात है कि देश के कुछ नेता और उनके चाटुकार स्तंभकार बाल की खाल निकालने पर उतारू हैं। उन्हें भारत को विश्वगुरु कहना उसी तरह दिवास्वप्न जान पड़ता है जैसे कुछ वर्ष पूर्व तक वे कश्मीर से धारा 370 के खात्मे और अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मन्दिर को कभी न पूरा होने वाला सपना बताते थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष बेशक मोदी सरकार की सफलता और गगन को चूमती सनातन की ध्वज पताका देखते हुए जल कर कोयला होता रहे लेकिन वह दिन दूर नहीं जब भारत न केवल दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा बल्कि भारतीय रुपया भी अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा होगा। अरब देशों पर पैट्रोलियम पदार्थों की निर्भरता खत्म होगी। पी.ओ.के. और गिलगित बाल्टिस्तान भारत के प्रभुत्व में लौटेंगे। पाकिस्तान और चीन का विखंडन होगा। सिंध और बलूचीस्तान पाक के चुंगल से आजाद होंगे। युरोपीयन और अफ्रीकी यूनियन की तर्ज पर भारत के नेतृत्व में एशियन यूनियन बनेगी। जिसकी सीमाएं खुली होंगी और समान करंसी होगी। तब भारत एशिया की सबसे बड़ी सामरिक शक्ति के रूप में पहचाना जायेगा। मगर यह तभी होगा यदि इन लक्ष्यों की पूर्ति तक देश को भाजपा का शासन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन मिलता रहे।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।