दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आगामी लोकसभा चुनाव सहित इस साल के अंत और अगले साल होने वाले विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर मंगलवार को राज्यों के प्रभारियों और पार्टी महासचिवों के साथ अलग-अलग बैठकें की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में बूथ समितियों पर विशेष जोर देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया दिया गया। नड्डा ने इस महीने की शुरुआत में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं को राज्यों और संघशासित प्रदेशों का प्रभार सौंपा था। प्रभारियों के साथ यह उनकी पहली बैठक थी। बैठक में नड्डा के अलावा भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष भी मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में संगठन को मजबूत करने और 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अगले साल जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां के बारे में विशेष रूप से मंथन किया गया और बूथ समितियों को मजबूत करने पर बल दिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नड्डा ने बिहार में पार्टी संगठन को मजबूती देने पर भी पदाधिकारियों से चर्चा की। ज्ञात हो कि बिहार में भाजपा का लंबे समय तक जनता दल यूनाईटेड के साथ गठबंधन रहा। पिछले दिनों जदयू ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था और राजद, कांग्रेस तथा अन्य दलों के साथ मिलकर सरकार बना ली थी

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।