नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार से सूर्य की तपिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। गर्मी के साथ उमस भी लोगों की परेशानियां बढ़ा रही हैं। अब शुक्रवार से राजधानी लू की चपेट में आ सकती है। लू का यह प्रकोप रविवार तक जारी रहेगा। सोमवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से राजधानी के तापमान फिर से कुछ कम होंगे। हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी जारी है। उधर, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आदि कई राज्य हैं, जहां पर चक्रवाती तूफान असानी की वजह से तेज बारिश होगी। स्काईमेट वेदर के मुताबिक गुरुवार को गुजरात व राजस्थान के कई हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले पांच दिनों तक भयंकर गर्मी पड़ेगी। इस दौरान लू भी लोगों को परेशान करेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार कम हैं, लेकिन इसके बाद दो से चार डिग्री तक पारा बढ़ सकता है। वहीं राजस्थान में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ऐसा ही हाल मध्य प्रदेश का रहना वाला है। यहां 15 मई तक लू चलने के आसार हैं। इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली व पंजाब में भी 12 से 15 मई तक भयंकर गर्मी पड़ने के आसार हैं।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।