
दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग ने देश के मौसम को लेकर एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। एक तरफ 4 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, तो दूसरी तरफ पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र देश के कई हिस्सों में मौसम को प्रभावित करेगा। इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त असर से आगामी दिनों में कई राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।बारिश के इस दौर के बाद, देश के एक बड़े हिस्से में तेजी से ठंड बढ़ने वाली है। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों-जिसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ शामिल हैं-में इस सप्ताह से शीतलहर का असर महसूस होना शुरू हो जाएगा। IMD के अनुसार, 4 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है। महाराष्ट्र में भी मंगलवार से पारा 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि विदर्भ क्षेत्र में तापमान में 5 डिग्री तक की बड़ी गिरावट के आसार हैं।