चंडीगढ़, 15 मार्च ( ): पंजाब की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था पर पंजाब की भगवंत मान सरकार पर बरसते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह गरेवाल ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से लेकर आज तक देश विरोधी तथा पंजाब विरोधी शक्तियां बेखौफ होकर भगवंत मान सरकार को धत्ता बताते हुए पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे सरेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं। केजरीवाल के गुरुनगरी प्रवास के ठीक पहले आज अमृतसर के छेरहाटा इलाके में स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में अज्ञात दहशतगर्दों द्वारा किए गए ग्रेनेड हमले की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हुए गरेवाल ने कहा कि यह भगवंत मान सरकार के मुंह पर तमाचे जैसा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब में किसी को भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने देंगे का रटारटाया जवाब देकर अपनी जिम्मेवारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। भगवंत मान सरकार के कार्यप्रणाली से ऐसा लगता है कि पंजाब सरकार ने अपराधियों व माफिया के समक्ष घुटने टेक दिए हैं और इनका लक्ष्य पंजाब को फिर से काले दौर में धकेलने का है।

हरजीत सिंह गरेवाल ने कहा कि इससे पहले अमृतसर के मजीठा रोड पर पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूरी पर स्थित ज्वैलरी शॉप के मालिक विशाल शूर पर जानलेवा हमला करते हुए दिन दिहाड़े आरोपियों द्वारा चार राउंड फायर किए गए, जिसमें विशाल शूर बाल बाल बचे। आरोपी पुलिस की पहुंच से अभी तक दूर हैं। इससे पहले भी अमृतसर के पाश इलाके रणजीत एवेन्यु में कई बार गोलीबारी की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। बेखौफ अपराधी व माफिया घटनाओं को अंजाम देकर भगवंत मान सरकार को रोजाना अपनी उपस्थिति का एहसास करवाता है, लेकिन भगवंत मान सरकार आँखें मूंद कर बैठी है। कही किडनैपिंड, फिरौती, हत्याएं, लूटपाट, पुलिस पर हमले आदि की घटनाएं आम हो गई है, जिसके चलते जनता में डर का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि पंजाब पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाना बंद करके उन्हें फ्रीहैंड काम करने दें, ताकि पुलिस जनता की जान माल की सुरक्षा कर सके। भगवंत मान सरकार के मंत्री केजरीवाल द्वारा सिखाए गए इवेंट मैनेजमेंट का काम करते हैं, जैसे बच्चे की किडनैपिंग तथा रिकवरी के बाद देखने को मिला, कैसे भगवंत मान सरकार के मंत्री अपनी फोटो खिंचवाने के लिए पुलिस की बजाय खुद बच्चे को इसके परिजनों को सौंपने पहुंचे थे, जबकि यह काम पुलिस का था।

हरजीत सिंह गरेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नकल करते हुए पंजाब में बुलडोजर का भय दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन पंजाब को नशा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त करने के दावे पर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार के अपने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्री व अन्य नेता खुद सबसे ज्यादा भ्रष्ट हैं। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के भ्रष्ट नेताओं को सत्ता से उतार फेंका और अब पंजाब की जनता भी दिल्ली की जनता की तरह अपनी बारी का इंतजार कर रही है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।