चंडीगढ़: 2 सितंबर ( ), भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने विधानसभा क्षेत्र भदौड़ से आम आदमी पार्टी के विजयी विधायक लाभ सिंह उगोके के लापता होने के पोस्टर लगाए जाने पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि पांच महीनों में ही पंजाब की जनता मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनकी सरकार के मंत्रियों व विधायकों से इतनी तंग आ गई है कि उनके लापता होने के पोस्टर लगा कर उसे ढूँढने वाले को 101 रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा करने लगी है। ज्ञात रहे कि खुद को आम लोगों का विधायक कहने वाले लाभ सिंह उगोके ने हलका भदौड़ से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था। आप विधायक लाभ सिंह के पोस्टर किसी और ने नहीं बल्कि प्रचारक सोहन लाल गोयल (खिआले कलां वाले), मिनी अन्ना हजारे/मिनी केजरीवाल, समाज सेवी आल राउंडर तपा, बरनाला ने लगाए हैं।
जीवन गुप्ता ने कहा कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा केजरीवाल छाती पीट-पीट कर पंजाब में आम आदमी की सरकार बनने का दावा करते थे, लेकिन पांच महीनों में मान सरकार की पोल जनता के सामने खुल गई है। पांच महीनों में ही भगवंत मान सरकार के विधायकों के गुमशुदगी के पोस्टर लगना मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनके नेताओं के लिए शर्म से डूब मरने वाली बात है। पंजाब तथा दिल्ली से वीआईपी कल्चर खत्म करने की बातें करने वाले खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान, केजरीवाल तथा उनके सभी मंत्री तथा विधायक उसी वीआईपी कल्चर को अपनाए हुए हैं। आम जनता को मिलना तो दूर उनकी परछाई से भी कन्नी काटते हैं। साहिब श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के दौरान गुरु घर में नतमस्तक होने आई संगत को वीआईपी कल्चर के तहत जबरन रोक दिया गया। जिस पर संगत तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी द्वारा आपत्ति भी उठाई गई थी। मान सरकार के शासन में आम जनता की कहीं भी सुनवाई नहीं है।
जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब की जनता पंजाब सरकार के पाँच महीनों के शासन से ही त्राहि-त्राहि कर उठी है। अब भगवंत मान तथा केजरीवाल पंजाब की सत्ता को आधार बना कर अन्य चुनावी राज्यों की जनता को भी झूठी गरंटीयों का लोलीपॉप दे रहे हैं। लेकिन चुनावी राज्यों की जनता इनके झूठ में नहीं फंसेगी।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।