
फगवाड़ा 6 अप्रैल (शिव कौड़ा): प्रजापति वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक पंजाब प्रधान अशोक मनीला और चेयरमैन अमरजीत सिंह निज्झर की अगुवाई में फगवाड़ा के नजदीकी गांव मंढाली में हुई। इस बैठक के दौरान पंजाब के समूचे प्रजापति समाज को एसोसिएशन के साथ जोडऩे और समाज को दरपेश मुश्किलों के उचित समाधान संबंधी विचार-विमर्श किया गया। पंजाब प्रधान अशोक मनीला ने समाज के हर सदस्य को एक प्लेटफॉर्म पर एकजुट होने की जोरदार अपील की और कहा कि समाज की भलाई के लिए आज समय की जरूरत है कि पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे भारत समेत दुनिया भर में बसे प्रजापति समाज को एक मंच पर एकत्र किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत में वोट बैंक का महत्व प्रजापति समाज को समझने की जरूरत है। यदि हम एकजुट होंगे तभी सरकार हमारे वोट बैंक की कद्र करेगी और हम अपने समाज की समस्याओं का समाधान करवा सकेंगे। पंजाब प्रधान अशोक मनीला के अलावा चेयरमैन अमरजीत सिंह निज्झर ने भी उपस्थित प्रजापति समाज को संबोधित करते हुए उनके दुख-सुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज के किसी भी परिवार पर कोई मुसीबत आती है तो प्रजापति वेलफेयर एसोसिएशन ढाल बनकर आगे खड़ी होगी। उन्होंने बताया कि पंजाब के सभी गांवों और शहरों में बसे प्रजापत भाईचारे को एसोसिएशन से जोडऩे के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में प्रजापत समाज की एक अलग पहचान स्थापित हो सके। इस दौरान प्रजापति समाज के जरूरतमंद परिवारों को राशन का वितरण भी किया गया। सभी पदाधिकारियों ने भरोसा दिया कि आने वाले समय में इस तरह के लोक-भलाई कार्य जारी रखे जाएंगे। इस अवसर पर सूबेदार अमरजीत कुमार, सतपाल, राजकुमार, बगीचा चंद, भजन लाल, इंदरजीत सिंह, जसविंदर सिंह, हिमंत सिंह, रेशम सिंह, बलवंत सिंह, गुरप्रीत सिंह, रशपाल सिंह और जीती यू.एस.ए. आदि उपस्थित थे।