
दिल्ली: उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें लड़कों को मुफ्त शिक्षा और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को स्थिर करने के आश्वासन के साथ ही धारावी पुनर्विकास परियोजना को रद्द करने का वादा भी किया गया है। ठाकरे ने कहा कि ज्यादातर चुनावी वादे विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाडी (एमवीए) के घोषणापत्र का हिस्सा हैं, लेकिन कुछ बिंदु हैं जिन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना, कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वाला एमवीए गठबंधन 20 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र भी जारी करेगा। ठाकरे ने कहा कि हर जिले में मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज का मंदिर होगा। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना लागू करने और आरक्षण की 50 प्रतिशत सीमा हटाने का भी वादा किया। ठाकरे ने आश्वासन दिया कि जिस तरह से राज्य में छात्राओं को सरकारी नीति के तहत मुफ्त शिक्षा मिल रही है, अगर एमवीए सत्ता में आता है तो इसे छात्रों के लिए भी लागू किया जाएगा।उन्होंने सार्वजनिक परिवहन की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का भी वादा किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पुलिस बल में 18,000 महिलाओं की भर्ती के अलावा महाराष्ट्र में ऐसे पुलिस थाने भी स्थापित किए जाएंगे, जिनमें सिर्फ महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि एमवीए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को भी स्थिर रखेगा। धारावी पुनर्विकास परियोजना के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे रद्द कर दिया जाएगा क्योंकि इसका बुरा प्रभाव मुंबई पर होगा।