
जालंधर : जालंधर के गुलमोहर सिटी, नजदीक लम्मा पिंड स्थित सिद्ध माँ बगलामुखी धाम में फ्री कायरोप्रैक्टिक मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ सिद्ध माँ बगलामुखी धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज जी ने अपने करकमलों से किया।
इस कैंप में प्रसिद्ध कायरोप्रैक्टर अमरिंदर पाल सिंह आहलूवालिया द्वारा लोगों की रीढ़ की हड्डी, गर्दन, कमर और जोड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच कर उन्हें उपचार और जरूरी सलाह दी गई।
कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं का चेकअप करवाया। डॉक्टर एपीएस आहलूवालिया ने बताया कि आजकल गलत बैठने की आदत, लंबे समय तक मोबाइल और कंप्यूटर का इस्तेमाल करने से लोगों में रीढ़ और जोड़ों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच और सही उपचार बेहद जरूरी है।
इस मौके पर माँ बगलामुखी धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज जी ने कहा कि ऐसे कैंप समाज के लिए बेहद लाभदायक हैं, क्योंकि इससे लोगों को मुफ्त जांच और सही मार्गदर्शन मिलता है। सिद्ध माँ बगलामुखी धाम आने वाले समय में ऐसे मेडिकल कैंपों का आयोजन करते हुए समाज में अपनी सेवा बाखूबी निभाता रहेगा।