37,600+ Monsoon Stock Photos, Pictures & Royalty-Free Images ...

 

मुंबई  :मानसून के बादल महाराष्ट्र में जमकर बरस रहे हैं। पिछले 3 दिन से मुंबई दरिया बना हुआ है। सड़कें और रेलवे ट्रैक तालाब बन गए हैं। हालांकि मंगलवार की सुबह मुंबई वासियों के लिए राहत भरी रही। बारिश रुकी और जलभराव कम हुआ। लोकल ट्रेन सर्विस बहाल हो गई, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी ने अभी भी महाराष्ट्र वासियों को डराया हुआ है।

मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक महाराष्ट्र में भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। बीते दिन से हाई टाइड की चेतावनी है। अलर्ट के अनुसार, समुद्र में ज्वार भाटा आ सकता है, जिससे करीब 5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इसे देखते हुए BMC ने लोगों को घरों के अंदर रहने की चेतावनी दी है। साथ ही मछुआरों और टूरिस्टों को समुद्र के आस-पास न जाने को कहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, महाराष्ट्र में 12 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है। 6 जिलों मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा में अच्छी बारिश होने की चेतावनी है। अगले 24 घंटों के लिए अलग से अलर्ट है, जिसके मुताबिक मुंबई शहर में भारी बारिश होने की संभावना है। रविवार रात को एक बजे से सुबह 7 बजे तक मुंबई में 7 घंटे में 300 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसने पूरे मुंबई को तालाब बना दिया।

मौसम विभाग ने मानसूनी परिस्थितियों को देखते हुए मुंबई के पास समुद्र में ज्वार भाटा आने का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि समुद्र में हाई टाइड आ सकता है। करीब 5 मीटर ऊंची समुद्र लहरें उठ सकती हैं। इसे देखते हुए BMC ने लोगों, टूरिस्टों और मछुआरों को समुद्र से दूर रहने को कहा है। दिन में ही नहीं, रात में भी ऊंची लहरें देखने को मिल सकती हैं। रविवार को लो टाइड था, लेकिन सोमवार को हाई टाइड के आसार दिखे।

पिछले 3 दिन में मुंबई में हो रही बारिश से हालात काफी खराब रहे। सड़कें और रेलवे ट्रैक पर 2 से 3 फीट पानी खड़ा था। इससे जहां बसों और टैक्सियों के पहिए थम गए। वहीं लोकल ट्रेन सर्विस भी सस्पेंड करनी पड़ी, जो आज बहाल हुई। आगे भी भारी बारिश होने का अलर्ट देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी में एग्जाम टाल दिए गए हैं। स्कूल-कॉलेज बंद हैं। पुणे, रायगढ़, नवी मुंबई में भी स्कूलों की छुट्टी है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।