security cordon will be tight on president draupadi murmu s arrival in ayodhya

अयोध्या: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अयोध्‍या में रामलला के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन करने के लिए पहुचेंगी। वे करीब 4 घंटे अयोध्या में रहकर हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन कर सरयू आरती में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति सरयू महाआरती में शामिल होंगी, फिर रामलला का दर्शन करेंगी। रात आठ बजे उनकी वापसी होगी। अयोध्या में राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू के स्वागत में उनके साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी समेत कई महत्वपूर्ण लोग भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के मुताबिक, वह शाम 4 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वागत करेंगी. 4 बजकर 50 पर हनुमानगढ़ी के दर्शन और पूजन करेंगी। 5 बजकर 45 पर सरयू घाट पर पहुंचेंगी और सरयू आरती में शामिल होंगी। 6 बजकर 45 पर राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगी और राम लला के दर्शन और आरती करेंगी। राष्ट्रपति 7 बजकर 15 मिनट पर कुबेर टीला पहुंचेगी। कुबेर टीला के दर्शन और पूजन करेंगी। दर्शन पूजन के बाद महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर बुधवार को जिले में सुरक्षा घेरा सख्त रहेगा। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर व सरयू तट तक आधुनिक असलहों से लैस जवान जगह-जगह मुस्तैद रहेंगे। मंगलवार को ही पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों व अन्य जवानों के साथ रिहर्सल भी किया है। इस दौरान सभी मार्गों पर पड़ने वाले मकानों पर असलहों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के अलावा सीआरपीएफ, आरएएफ, एटीएस व पीएसी के जवान भी जगह-जगह तैनात होंगे। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सादी वर्दी में अलग-अलग जगहों पर भी जवान तैनात रहेंगे।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।