उज्जैन. हर धर्म का अपना एक अलग कैलेंडर होता है। हिंदू धर्म में इसे पंचाग कहते हैं। पंचांग में हर दिन के शुभ मुहूर्त, राहु काल, व्रत-त्योहार, ग्रह परिवर्तन आदि की पूरी जानकारी होती है। पंचांग वैदिक काल से ही सनातन धर्म में काल गणना का एक प्रमुख अंग रहा है। ज्योतिष और पंडित आदि सभी शुभ कामों के लिए मुहूर्त देखने के लिए पंचांगा का ही उपयोग करते हैं। वैसे तो हमारे देश में कई तरह के पंचांग प्रचलित है, लेकिन उन सभी में विक्रम पंचांग प्रमुख है। ज्योतिषियों की मानें तो ग्रह, नक्षत्र व कुछ बातों को ध्यान में रखकर एक पूर्ण सटीक पंचांग बनाया जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, पंचांग मुख्य रूप से 5 अंगों से मिलकर बनता है ये हैं करण, तिथि, नक्षत्र, वार और योग। जानिए इन पांच से जुड़ी खास बातें…करण:  ये तिथि का आधा भाग होता है। ज्योतिष शास्त्र में कुल 11 करण बताए गए हैं- बव, बालव, कौलव, तैतिल, गर, वणिज, विष्टि, शकुनि, चतुष्पाद, नाग और किस्तुघ्न। 

तिथि: चन्द्र रेखांक को सूर्य रेखांक से 12 अंश ऊपर जाने के लिए जो समय लगता है, वह तिथि कहलाती है। एक तिथि 19 से 24 घंटे तक की हो सकती है। तिथि कुल 16 होती है प्रतिपदा से चतुर्दशी तक 14 और पूर्णिमा व अमावस्या।

नक्षत्र: ज्योतिष शास्त्र में 27 नक्षत्रों के बारे में बताया गया है। अश्विन, भरणी, कृत्तिका, रोहिणी, मृगशिरा, आर्द्रा, पुनर्वसु, पुष्य, आश्लेषा, मघा, पूर्वाफाल्गुनी, उत्तराफाल्गुनी, हस्त, चित्रा, स्वाति, विशाखा, अनुराधा, ज्येष्ठा, मूल, पूर्वाषाढ़ा, उत्तराषाढ़ा, श्रवण, घनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, उत्तराभाद्रपद, रेवती।

वार: एक सप्ताह में सात वार होते हैं। इनके नाम इस प्रकार हैं- सोम, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि और रवि। ये सभी अलग-अलग ग्रहों और देवताओं से संबंधित होते हैं।योग: नक्षत्र की ही तरह योग भी 27 प्रकार के होते हैं। इनमें कुछ योग शुभ होते हैं और कुछ अशुभ।

7 मई का पंचांग (Aaj Ka Panchang 7 May 2022)
7 मई 2022, दिन शनिवार को वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है। इस दिन सूर्योदय पुनर्वसु नक्षत्र में होगा, जो सुबह 09.20 तक रहेगा, इसके बाद पुष्य नक्षत्र रात अंत तक रहेगा। शनिवार को पहले पुनर्वसु नक्षत्र होने से छत्र और उसके बाद पुष्य नक्षत्र होने से मित्र नाम के 2 शुभ योग इस दिन बन रहे हैं। इस दिन राहुकाल सुबह 09:08 से 10:46 तक रहेगा। इस दौरान कोई भी शुभ काम न करें।

ग्रहों की स्थिति कुछ इस प्रकार से होगी…
शनिवार की सुबह चंद्रमा राशि बदलकर मिथुन से कर्क में आ चुका है। अन्य ग्रह  शुक्र और गुरु मीन राशि में, बुध ग्रह वृषभ राशि में, सूर्य और राहु मेष राशि में, केतु तुला राशि में और मंगल कुंभ राशि में और शनि कुंभ राशि में रहेगा। शनिवार को पूर्व दिशा में यात्रा करने से बचना चाहिए। पूर्व दिशा में यात्रा करना पड़े तो अदरक, उड़द या तिल खाकर घर से निकलें।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।