फगवाड़ा (शिव कौड़ा) श्री विश्वकर्मा धीमान सभा (रजि.) फगवाड़ा की ओर से देश के महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस के अवसर पर उनकी अतुलनीय शहादत को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु कार्यक्रम श्री विश्वकर्मा मंदिर, बंगा रोड फगवाड़ा में आयोजित किया गया। सभा के प्रधान प्रदीप धीमान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों ने शहीदों की तस्वीरों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रधान प्रदीप धीमान ने कहा कि शहीद भगत सिंह और उनके साथियों की बेमिसाल कुर्बानी के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में आजादी के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शहीदों ने युवा अवस्था में ही देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देशभक्ति की ऐसी मिसाल कायम की, जो सदैव नई पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रयास करते हुए शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए अपने मूल कर्तव्य के रूप में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया और यह संकल्प लिया गया कि सभा के सदस्य हमेशा समाज की भलाई और देश की उन्नति के लिए प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर सभा के सरंक्षक जसपाल सिंह लाल, सीनियर वाइस प्रधान सुरिंदर पाल धीमान, महासचिव गुरनाम सिंह जुतला, अमोलक सिंह झीता, नरिन्द्र सिंह भच्चू, रजिंदर सिंह रूपराय, सुखविंदर सिंह कुंदी, डा. अविनाश सिंह चौहान, डा. गोपाल कौशल, जरनैल सिंह, बलविंदर सिंह रतन, विक्रम रूपराय आदि उपस्थित थे।