
हिसार : महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट हिसार से अयोध्या के लिए कर्मिशयल विमान सेवा आज से शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या जाने वाली इस विमान सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री इस दिन टर्मिनल-2 शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही एक विशाल रैली को भी सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर हिसार में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। एस.पी. जी. ने सुरक्षा मोर्चा संभाल रखा है। वहीं कार्यक्रम स्थल के आसपास करीब 2 हजार मीटर का एरिया रेड जोन घोषित कर रखा है। जिला मैजिस्ट्रेट ने इस क्षेत्र में किसी प्रकार की फ्लाइंग (ड्रोन) करने पर पाबंदी लगा रखी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी निरंतर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को लेकर 11 आई.पी.एस., 37 डी.एस.पी., 45 इंस्पैक्टर और 2500 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं हिसार से अयोध्या के लिए जाने वाली फ्लाइट के समय में बदलाव किया गया है। यह फ्लाइट अब करीब सुबह 10. 10 बजे रवाना होगी। पहले उड़ान का समय 10.45 मिनट था। हालांकि समय में बदलाव का कारण नहीं बताया गया है।