दिल्ली: पंजाब पुलिस ने 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर को खोलना शुरू कर दिया है। यहां आंदोलन कर रहे किसानों को खदेड़ा जा रहा है। किसानों के बनाए शेड भी तोड़कर हटाए जा रहे हैं। वहीं, खनौरी बॉर्डर पर भी भारी पुलिस फोर्स पहुंची है। जहां भी किसानों को हटाने का एक्शन जल्द शुरू हो सकता है। इससे पहले शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को 7वीं वार्ता बेनतीजा रही। यह बातचीत सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली। इसमें किसान नेता समेत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी शामिल हुए। बैठक के बाद किसान जब शंभू और खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। इनमें किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा के जगजीत डल्लेवाल शामिल हैं। पंधेर को मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर तो डल्लेवाल एंबुलेंस में खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, पुलिस ने उन्हें संगरूर में घेर लिया। इसके बाद पुलिस डल्लेवाल को एंबुलेंस समेत ही हिरासत में लेकर चली गई।सूचना है कि किसानों को पटियाला के कमांडो सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है। इस एक्शन के पीछे की वजह ये सामने आई कि मीटिंग में पंजाब सरकार ने किसानों को दोनों बॉर्डर खोलने या एक हिस्सा खोलने को कहा था, लेकिन किसान नेता नहीं माने।”

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।