
मेहर चन्द पॉलीटैक्निक कॉलेज के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष सैमीनार का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में वडोदरा, गुजरात से आये कॉलेज के एक विशिष्ट एलुमनाई सदस्य श्री राजिन्दर कुमार जी उपस्थित हुए। वे ओ एन जी सी (ऑइल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन), वडोदरा गुजरात में चीफ़ इंजीनियर के पद रिटायर हुए थे।
कॉलेज के वरिष्ठ विभागाध्यक्ष डॉ संजय बांसल व डॉ राजीव भाटिया ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर के उनका स्वागत किया। मैकेनिकल विभाग के विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने 1974 – 1977 तक इस कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। अपने उस समय के अध्यापकों को याद करते हुए उन्होंने विशेष रूप से प्रोफ़ेसर एम के खोसला का उल्लेख किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय इस संस्था की दी हुई शिक्षा को दिया।
उन्होंने पढ़ाई और उसके बाद इंडस्ट्री में करियर ग्रोथ में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों के बारे में अवगत कराते हुए अपने जीवन के अनुभवों से उदाहरण देते हुए उनसे निपटने के साधन और मार्ग भी विद्यार्थियों को बताये। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ – साथ स्किल डेवलेपमेंट और उसको अपडेट करते रहना भी उतना ही ज़रूरी है। शिक्षक और पेरेंट्स में आपसी समझ को उन्होंने विद्यार्थी के उत्थान के लिए बहुत ज़रूरी बताया।
श्री राजिन्दर कुमार जी ने मैकेनिकल विभाग के तीनों वर्षों के सभी विद्यार्थियों को उपहार के रूप में एक – एक पैन भेंट किया। समारोह के अंत में मैकेनिकल विभाग के लेक्चरर प्रभु दयाल ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद करते हुए प्रिंसिपल डॉक्टर जगरूप सिंह द्वारा दिया गया एक विशेष एलुमनाई – उपहार उनको भेंट किया। मैकेनिकल विभाग की प्रमुख श्रीमती ऋचा अरोड़ा ने भी उन्हें शुभकामनाएं भेजी। समारोह में मैकेनिकल विभाग के लेक्चरर श्री रोहित कुमार, श्री अमित शर्मा व श्री सुशांत शर्मा भी उपस्थित थे।