मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के शिक्षक श्री प्रभु दयाल ने आर्य महासम्मेलन 2025 में भाग लिया, जहाँ उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वैदिक संगोष्ठी में अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस संगोष्ठी विषयवस्तु था – “स्वर्णिम भारत के निर्माण में ऋषि परम्पराओं का योगदान।” इसमें ब्रह्मा से लेकर जैमिनि पर्यन्त मुनि, महर्षि दयानन्द , बौद्ध, जैन और सिख परम्परा के प्रवर्तक गुरुओं के समाज, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर भी चर्चा हुई। 
आर्य महासम्मेलन का आयोजन आर्य समाज के 150 वर्ष पूरे होने और उसके संस्थापक महर्षि दयानन्द सरस्वती जी के जन्म के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में किया गया जहाँ देश विदेश से आए लाखों ज्ञान जिज्ञासुओं, विद्वानों और अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया जिनमें प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और अनेक वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्री तथा अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री, सभी धर्मों के प्रमुख आचार्य, आर्युवेदाचार्य, योगाचार्य भी शामिल थे। 
यह एक ऐसा अद्वितीय मंच था जहाँ विद्वानों ने अपने विचारों का आदान-प्रदान किया और वैदिक ज्ञान पर वैश्विक चर्चा में भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया, बल्कि विद्वानों को प्राचीन ज्ञान और आधुनिक सोच के संयोजन पर अपने विचार साझा करने का एक बेहतरीन अवसर भी प्रदान किया।
मैकेनिकल विभाग की प्रमुख श्रीमती ऋचा अरोड़ा ने भी श्री प्रभु दयाल की सराहना करते हुए जानकारी दी कि वे पहले भी तीन बार राष्ट्रीय वैदिक संगोष्ठियों में गूढ़ वैदिक विषयों पर  अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं, और उनके शोध पत्र प्रकाशित भी हुए हैं। 
मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने श्री प्रभु दयाल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा  “श्री प्रभु दयाल न केवल मैकेनिकल इंजीनियरिंग के एक कुशल शिक्षक हैं, बल्कि आध्यात्मिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी उनका शोध कौशल अद्वितीय हैं। उनका इस प्रतिष्ठित मंच पर भाग लेना उनके ज्ञान और समर्पण को दर्शाता है। हमें गर्व है कि वे हमारे संस्थान का हिस्सा हैं। मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता को बनाए रखते हुए, श्री प्रभु दयाल जैसे शिक्षकों के योगदान से विद्यार्थियों में समग्र मनुष्य के निर्माण की ओर अग्रसर है।”

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।