नई दिल्ली,  देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। गुजरात, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री से अधिक बना हुआ है। गुजरात, बिहार, झारखंड, राजस्थान समेत कई राज्यों में लू की स्थिति बरकरार रह सकती है। दिल्ली एनसीआर में आज आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा।दिल्ली में 28 अप्रैल से फिर लू चलेगी और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में तीन बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश व हिमपात की संभावना जताई गई थी, लेकिन बादल न बनने से यह पूरी नहीं हुई। अब मौसम विभाग ने 28 अप्रैल से हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है। उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच चिलचिलाती धूप बेहाल कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मंगलवार को पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।स्काईमेट वेदर के मुताबिक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, केरल, दक्षिण तटीय कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और पश्चिमी हिमालय पर एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।