गाजियाबाद,: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के प्रथम चरण में कुल 58 सीटों पर आगामी 10 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के पास एक सप्ताह का ही समय बचा है। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में जैसे-जैसे मतदान नजदीक आ रहा है, गाजियाबाद में स्टार प्रचारकों की आमद बढ़ने लगी है। भाजपा उम्मीदवारों के चुनाव में जान फूंकने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर इस कार्यक्रम की अंतिम रूप से तैयारी हो गई है। इसके अलावा पूर्व सीएम और सपा मुखिया अखिलेश यादव भी शनिवार को गाजियाबाद में होंगे।इसी बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी भी संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता से गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने आ रहे हैं। खास यह कि पहली बार एक ही दिन प्रदेश के वर्तमान एवं पूर्व मुख्यमंत्री एक साथ चुनाव प्रचार के दौरान शब्द-बाण छोड़ने आ रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को शाम चार बजे मुरादनगर पहुंचेंगे। अखिलेश व जयंत चौधरी संयुक्त रूप से दोपहर 12 बजे एनएच-24 स्थित वेदांता फार्म हाउस में पत्रकार वार्ता करेंगे। बता दें कि चुनावों की घोषणा के बाद से अब तक मुख्यमंत्री भाजपा की पांचों सीटों पर जीत बरकरार रखने को तीन बार जिले में आ चुके हैं।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।