नई दिल्ली,  राजधानी दिल्ली में  आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है, क्योंकि आज बारिश के आसार हैं। दिल्ली और आस पास के हिस्सों में मौसम गुरुवार से बदल गया है। थोड़ी गर्मी के बाद गुरुवार को एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में आज धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही गरज के साथ दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। आईएमडी से मिली जानकारी के अनुसार शहर के कई हिस्से शुक्रवार को बारिश से तर हो सकते हैं। इस कारण शहर के तापमान में भी काफी गिरावट देखने को मिलेगी। अनुमान के मुताबिक आज दिल्ली का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के भीतर रहेगा। साथ ही धूल भरी आंधी 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत एनसीआर के सभी हिस्सों में यह बदलाव पहाड़ी क्षेत्रों में बदले मौसम के कारण नजर आ रहा है। पहाड़ों पर बारिश का दौर शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में वहां लगातार बारिश होगी और ठंडी हवाएं चलेंगी। ऐसे में पहाड़ों के आस पास के क्षेत्रों में भी इसका असर देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। आईएमडी के मुताबिक इस वीकेंड तापमान कम ही रहेगा। यानी शनिवार और रविवार को दिल्ली का तापमान 39 डिग्री से 40 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से एक बार फिर मौसम पलट सकता है और गर्मी का अहसास बढ़ सकता है। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।