जालंधर, 18 सितम्बर ( ) : देश के कई परिवारवादी दलों में कुछ खास परिवारों को ही पूरी पार्टी माना जाता है जबकि भारतीय जनता पार्टी में ‘पार्टी को परिवार’ माना जाता है। दूसरे दलों की तरह भाजपा नेताओं का कार्यकर्ताओं के साथ संबंध ड्राईंग रूम तक सीमित नहीं बल्कि रसोई तक का है। यह विचार भाजपा के केंद्रीय विधान सभा क्षेत्र के भाजपा सदस्य्ता अभियान के प्रभारी किशनलाल शर्मा ने पार्टी के सदस्यता अभियान का संचालन करते हुए व्यक्त किए। किशनलाल शर्मा ने आज पार्टी के थिंकटैंक कहे जाने वाले दिवंगत नेता श्री कृष्णलाल ढल्ल के पौत्र श्री आर्यन ढल्ल व पौत्रवधु श्रीमती हरिता ढल्ल को भाजपा की सदस्यता दिलवाई और आसपास के लोगों को भी पार्टी का सदस्य बनाया।
दिवंगत कृष्णलाल ढल्ल की पार्टी के प्रति सेवाओं का पुण्यस्मरण करते हुए किशनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी लोभ-लालच के वश पार्टी में शामिल नहीं होता बल्कि वह पार्टी की विचारधारा से प्रभावित हो इसका सदस्य बनता है। तभी वह पार्टी के काम करते हुए अपनी जेब से भी खर्च करने को तत्पर रहता है और बिना पद के मोह के पार्टी के काम करता है। श्री कृष्ण लाल ढल्ल उन नेताओं में थे जो काडर तक पार्टी की विचारधारा संचारित करने के लिए सेतु का काम करते थे। किसी भी बड़े घटनाक्रम पर व विभिन्न मुद्दों पर पार्टी के पक्ष को लेकर श्री कृष्णलाल ढल्ल विभिन्न समाचारा पत्रों में लेख प्रकाशित करते। उनके लेख पढ़ कर पार्टी कार्यकर्ता को संबंधित विषय पर पार्टी के स्टैण्ड का पता चलता। अपने भाषणों व बौद्धिक में भी श्री कृष्ण लाल ढल्ल सामयिक मुद्दों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते थे। उन्होंने कहा कि आर्यन ढल्ल व हरिता ढल्ल को भी अपने दादा जी की राह पर चलते हुए पार्टी को अपनी सेवाएं देनी होंगी।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए भाजपा नेता किशनलाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने भारत को लेकर पूरी दुनिया का दृष्टिकोण ही बदल कर रख दिया है। किसी समय भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की बातें होती थीं परन्तु आज रूस जैसी सुपरपावर भी यूक्रेन के साथ युद्ध में भारत की मध्यस्थता स्वीकार करने को तैयार है। भारत अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों के चुनावों व वहां की राजनीति पर असर दिखाने लगा है। किशन लाल शर्मा ने जनसाधारण से भी भाजपा का सदस्य बनने और राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अह्वान किया।
इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ वनीत शर्मा भी उपस्थित थे।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।