लुधियाना। पंजाब में अब एक महीने तक हफ्ते में सातों दिन सेवा केंद्र खुले रहेंगे। यही नहीं इस दौरान सेवा केंद्र सुबह आठ बजे खुल जाएंगे और शाम छह बजे तक वहां काम होगा। केवल शनिवार और रविवार को कामकाज शाम चार बजे तक होगा। सरकार ने सोमवार को सभी जिलों को यह आदेश जारी कर दिए थे। लुधियाना पहला जिला बना है, जिसने इन आदेशों को लागू कर दिया है। वीरवार यानी सात अप्रैल से जिले में सभी सेवा केंद्र सात दिन खुले रहेंगे। सरकार के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने भी जिले के सेवा केंद्रों को एक माह तक सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक खोलने के आदेश दे दिए हैं। शनिवार व रविवार को सेवा केंद्र चार बजे तक खुले रहेंगे।यह व्यवस्था सात अप्रैल से सात मई तक लागू रहेगी। एडीसी अमित कुमार पंचाल ने कहा कि सेवा केंद्रों के मुलाजिमों को निर्देश दिए हैं कि वे तय समय पर सेवा केंद्रों में पहुंचे और काम शुरू कर दें। सेवा केंद्रों में लोगों के लिए बैठने, पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि लोग सोमवार से शुक्रवार तक सुबह आठ बजे से छह बजे तक काम करवा सकेंगे और शनिवार व रविवार को चार बजे तक काम करवाने के लिए सेवा केंद्रों में जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि सेवा केंद्रों के कर्मचारियों को सख्त हिदायतें दी गई हैं कि वे लोगों को तंग न करें। किसी से रिश्वत न लें। उन्होंने कहा कि अगर पब्लिक से रिश्वत ली जाती है तो वह मुख्यमंत्री के वाट्सएप नंबर 95012-00200 पर शिकायत भेज सकते हैं। पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद प्रशासन में बड़े स्तर पर सुधार के फैसले लिए जा रहे हैं।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।