फगवाड़ा 19 अगस्त (शिव कौड़ा) पंजाब के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी हलका विधानसभा फगवाड़ा के इंचार्ज जोगिंद्र सिंह मान ने आज पंजाब के खेल और युवा सेवाएं विभाग के मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर से जालंधर में भेंट की। इस दौरान उन्होंने फगवाड़ा में विश्व स्तरीय एकीकृत खेल परिसर और स्टेडियम स्थापित करने की मांग रखी व कहा कि दोआबा के प्रमुख शहर फगवाड़ा में युवाओं में खेल के प्रति रुचि जगाने के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी है। मान ने मंत्री को बताया किफगवाड़ा के लोगों ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता को सिद्ध करते हुए राज्य एवं देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने अफसोस जताया कि किन्ही कारणों से फगवाड़ा खेल के क्षेत्र में पिछड़ गया है। इसका मुख्य कारण फगवाड़ा में एक अच्छे खेल स्टेडियम या मैदान का न होना है। अगर फगवाड़ा के लिए इस तरह की परियोजना को पारित किया जाता है, तो इससे फगवाड़ा विधानसबा हलके में खेल को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह बाबा साहेब अंबेडकर को विनम्र श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने रास्ता दिखा कर लाखों लोगों की जिंदगी बदल दी। मान ने कहा कि युवाओं की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाने और उन्हें नशे के अभिशाप से दूर रखने के लिए खेल स्टेडियमों की स्थापना समय की प्रमुख आवश्यकता है। यह फगवाड़ा में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एथलेटिक ट्रैक, खेल का मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान करेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने जोगिन्द्र सिंह मान को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार इस पर अवश्य विचार करेगी।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।