नई दिल्ली। उत्तर भारत में मार्च का अंत आते-आते मौसम ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में मैदानी राज्यों के साथ पहाड़ भी तपने लगे हैं। दिल्ली में मार्च में ही मई-जून जैसे हालात, तपती धूप और लू  से लोगों का बुरा हाल होने लगा है। आज अधिकतम तापमान पहुंच सकता 40 डिग्री पार, मौसम विभाग ने दो दिन के लिए जारी किया हुआ है लू का अलर्ट, पूरा मार्च रहा सूखा, अगले एक हफ्ते में भी बारिश के नहीं आसार।हिमाचल के कई क्षेत्रों में मार्च में ही मई जैसी गर्मी दिखने लगी है। मौसम विभाग ने भी मंगलवार को हिमाचल के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की थी। इससे आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि होगी। बारिश न होने के कारण पहले से सूखे की मार झेल रही फसलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से चली गर्मी हवाओं, पहाड़ों पर सूर्य की सीधी पड़ती किरणों और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल में इस तरह का मौसम बना है। मंगलवार को शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया जबकि डलहौजी का सामान्य से 7.9 डिग्री अधिक रहा। वर्ष 2000 से अब तक के आंकड़ों के अनुसार, धर्मशाला में अधिकतम तापमान का रिकार्ड टूट गया है। 12 साल बाद 29 मार्च को सबसे अधिक 33.2 डिग्री तापमान दर्ज किया है। इससे पूर्व 29 मार्च, 2010 को 31.6 डिग्री तापमान रहा था।

Disclaimer : यह खबर उदयदर्पण न्यूज़ को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है। उदयदर्पण न्यूज़ इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है। यदि इस खबर से किसी व्यक्ति अथवा वर्ग को आपत्ति है, तो वह हमें संपर्क कर सकते हैं।