अमृतसर: अमृतसर में करीब एक दर्जन नामी और प्रतिष्ठित स्कूलों को आज सुबह धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में स्कूलों के साथ-साथ अमृतसर से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को उड़ाने की धमकी भी लिखी गई है।धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। पुलिस की मौजूदगी में सभी संबंधित स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। अब तक की जांच में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।सूत्रों के अनुसार, सभी स्कूलों को एक जैसा ईमेल भेजा गया है, जिससे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अब धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।