दिल्ली: अमेरिका के न्यू मेक्सिको स्थित वायु सेना के एक अड्डे पर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। सैन्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वायु सेना अड्डे ने एक बयान जारी कर कहा कि अलामोगोर्डो शहर के निकट होलोमन वायु सेना अड्डे पर एक हमलावर के मौजूद होने की खबरों के कारण मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे उसे बंद कर दिया गया।गोलीबारी में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए ले जाया गया। सुरक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब अड्डा सुरक्षित है और उसे खोल दिया गया है। बयान में कहा गया है आपातकालीन कर्मी स्थिति से निपट रहे हैं और फिलहाल कोई खतरा नहीं है। गोलीबारी में घायल या मारे गए लोगों के नाम और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।