दिल्ली: अमेरिका ने भारत पर से टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इसका सीधा फायदा भारतीय निर्यातकों और कारोबारियों को मिलेगा। डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से बात करने के थोड़ी देर बाद ही ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बनने की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और कहा कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अब ज्यादा तेल वेनेजुएला से खरीदेगा। ट्रंप ने कहा कि मोदी ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल एवं ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। यह कदम यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मददगार साबित हो सकता है, जहां हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि दोनों देशों के बीच तत्काल प्रभाव से एक व्यापार समझौता हुआ है, जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। इसके साथ ही भारत अमेरिका के खिलाफ अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।