
दिल्ली; राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार की सुबह बादलों की गड़गड़ाहट और तेज बारिश के साथ हुई। कल रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला आज भी जारी है जिससे मार्च की गर्मी पूरी तरह गायब हो गई है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित हुई है और दिल्लीवाले अब जैकेट और छाते फिर से निकालने पर मजबूर हो गए हैं।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज पूरा दिन आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ठंडी हवाएं चलेंगी। आज अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी जिससे जलभराव और ट्रैफिक की समस्या हो सकती है।दिल्ली ने पिछले 24 घंटों में मौसम का कड़ा रुख देखा है। पूर्वी और पश्चिमी दिशाओं से टकराती हवाओं ने 52 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ी, जिससे अधिकतम तापमान में 6-7 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार सुबह हुई बारिश के कारण दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही।