
दिल्ली: अगर आप भी सुबह की चाय से लेकर रात के डिनर तक का भुगतान PhonePe, Google Pay या Paytm जैसे UPI ऐप्स से करते हैं तो यह खबर आपके लिए सबसे जरूरी है। आज, 1 अप्रैल 2026 से भारतीय रिजर्व बैंक ने डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब आपका पैसा पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित होगा लेकिन पेमेंट करने का तरीका थोड़ा बदल जाएगा।अब तक आप QR कोड स्कैन करके अपना 4 या 6 अंकों का UPI PIN डालते थे और पेमेंट हो जाता था लेकिन अब RBI ने ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ अनिवार्य कर दिया है। अब PIN डालने के बाद आपको एक और सुरक्षा घेरा पार करना होगा। यह आपके फोन का फिंगरप्रिंट, फेस आईडी या फिर मोबाइल पर आया OTP हो सकता है। जब तक ये दोनों स्टेप पूरे नहीं होंगे आपके खाते से पैसा नहीं कटेगा। अगर किसी को आपका PIN पता चल भी जाए तो भी वह आपके फिंगरप्रिंट या फोन के बिना चोरी नहीं कर पाएगा।राहत की बात यह है कि रोजाना पैसे भेजने की सीमा में कोई कटौती नहीं की गई है। आप पहले की तरह ही रोजाना 1 लाख रुपये तक भेज सकते हैं। अस्पताल के बिल, स्कूल-कॉलेज की फीस या इंश्योरेंस के लिए यह लिमिट 5 लाख रुपये बरकरार है। अगर आपने आज ही UPI शुरू किया है तो पहले 24 घंटों में आप केवल 5,000 रुपये तक का ही लेन-देन कर पाएंगे।अगर आप डेबिट कार्ड के बिना सिर्फ QR कोड स्कैन करके ATM से कैश निकालते हैं तो सावधान हो जाएं। HDFC जैसे कई बैंकों ने अब इस सुविधा को आपकी मंथली फ्री लिमिट में जोड़ दिया है। अगर आपकी फ्री लिमिट खत्म हो गई है तो UPI के जरिए कैश निकालने पर भी आपको वही चार्ज देना होगा जो कार्ड इस्तेमाल करने पर लगता है।