दिल्ली: भारत के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार ताहिर की मौत रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई है जिसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनलों ने ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि की है। उसका अंतिम संस्कार सोमवार को बहावलपुर की जामिया मस्जिद उस्मान वली में किया गया। ताहिर अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और संगठन की आतंकी गतिविधियों और ऑपरेशन्स में बेहद सक्रिय भूमिका निभाता था।यह खबर ऐसे समय में आई है जब मसूद अजहर ने पिछले साल खुद स्वीकार किया था कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए एयरस्ट्राइक में उसके परिवार के 10 सदस्य मारे गए थे। भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय ‘जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह’ पर निशाना साधा था।