दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लेह जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान के इंजन में आई अचानक तकनीकी खराबी के कारण पायलट को आनन-फानन में वापस दिल्ली लौटने का फैसला करना पड़ा।स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 ने दिल्ली से लेह के लिए सामान्य रूप से उड़ान भरी थी। विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। जैसे ही विमान ने ऊंचाई पकड़ी, पायलट को एक इंजन में खराबी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर तत्काल ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। रनवे के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात कर दी गईं। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।