
दिल्ली: 27 जनवरी 2026 को पूरे देश में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी एक दिन के लिए राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे। यह हड़ताल सरकारी, निजी, विदेशी, ग्रामीण और सहकारी बैंक सभी में होगी। कर्मचारी और अधिकारी इस हड़ताल के जरिए सप्ताह में 5 दिन कार्य दिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं।बैंक कर्मचारियों का कहना है कि उनकी यह मांग पिछले दो साल से लंबित है। भारतीय बैंक संघ ने इसे सरकार के पास प्रस्तावित किया है, लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और भारतीय बैंक संघ के बीच यह प्रस्ताव 7 दिसंबर 2023 और 8 मार्च 2024 के समझौते में भी शामिल था। इस योजना के अनुसार कर्मचारियों का रोजाना काम का समय 40 मिनट बढ़ जाएगा और सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित की जाएगी। हालांकि, यह मांग पूरी नहीं होने के कारण बैंक कर्मचारी 27 जनवरी को हड़ताल कर रहे हैं।